फतेहाबाद। बस अड्डा चौकी पुलिस ने थाना रोड पर 6 जून की रात को आइसक्रीम विक्रेता से लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से छीनी गई नकदी बरामद कर ली गई है। पकडे़ गए दोनों आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ जूडी व राहुल उर्फ बच्ची निवासी गांव आकावाली के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि 6 जून की रात 11 बजे थाना रोड पर सेठी आइसक्रीम के रेहड़ी मालिक विनोद कुमार से दो युवकों ने रेहड़ी के आगे मोटरसाइकिल लगाकर नुकीला हथियार से पेट पर वार करके उसके कुर्ते की जेब से करीब 600 रुपये की नकदी छीन ली थी। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले के बारे में जानकारी ली। फिर 7 जून को रेहड़ी मालिक विनोद कुमार की शिकायत दर्ज की थी। कुछ ही समय बाद दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। उनके कब्जे से छीने गए 200 रुपये व वारदात में प्रयुक्त तलवार व मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। संवाद