फतेहाबाद के भट्टू क्षेत्र के गांव जांडवाला बागड़ में घर के बाहर खड़े बुजुर्ग दंपती को राजस्थान से आ रहे चालक ने तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर मार दी। इससे दंपती की मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद बोलेरो पलट गई। बोलेरो में सवार राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव निठाना से आए चालक और दो महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं। बाद में पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टू कलां से पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जांडवाला बागड़ निवासी 60 वर्षीय सलामुद्दीन और उनकी 58 वर्षीय पत्नी नियामती बुधवार सुबह सलामुद्दीन की बहन से राखी बंधवाने के लिए हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव सुलखनी जाने के लिए तैयार होकर गेट पर खड़े थे। इसी दौरान राजस्थान की तरफ से तेज रफ्तार से बोलेरो लेकर आए चालक ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बोलेरो पलट गई, जिसमें सवार गांव कुकड़ावाली निवासी चालक व दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं। सलामुद्दीन और नियामति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बोलेरो सवार तीनों घायलों को सीएचसी भट्टू में पहुंचाया गया। बोलेरो सवार लोग राजस्थान के गांव निठाना में जागरण समारोह में भाग लेने के लिए गए थे। भट्टू कलां थाना के प्रभारी देवेंद्र नैन ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल सलामुद्दीन के पुत्र रहमतुल्लाह के बयान के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।