गांव सूलीखेड़ा में ब्लैक हेडेड रॉयल सांप को पकड़ते पवन जोगपाल।
फतेहाबाद। जिले में बाढ़ के बाद से सांपों का मिलना लगातार जारी है। वीरवार को हरियाणा में अति दुर्लभ माने जाने वाला सांप मिला। गांव सूलीखेड़ा में ग्रामीण दयानंद बेनीवाल के घर ब्लैक हेडेड रॉयल (काले सिर वाला) सांप नजर आया। इसकी लंबाई छह फीट से ज्यादा थी। आम बोलचाल में इसे रजतवंशी सांप भी कहा जाता है। परिवारवालों ने सूचना स्नेक कैचर पवन जोगपाल व लवली की टीम को दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और सांप की खोज शुरू की। बाद में सांप मकान के कमरे में रखी अनाज की टंकी के नीचे छिपा मिला। उसे रेस्क्यू कर खुले स्थान पर छोड़ दिया गया। पवन जोगपाल ने बताया कि इस सांप की खासियत यह है कि यह कोबरा की भांति बेहद फुर्तीला, लंबा और खतरनाक प्रतीत होता है। असल में यह बिना जहर वाले सांपों की प्रजाति का सांप है। यह सांप भी कोबरा की भांति खतरा भांप कर फूंफकारना शुरू कर देता है, लेकिन इसमें जहर नहीं होता। यह सांप अधिकतर राजस्थान के क्षेत्र में ही मिलता है। हरियाणा में बेहद कम इसे देखा गया है। भट्टू क्षेत्र राजस्थान की सीमा के साथ लगता है, इसलिए यह सांप नजर आया है।