फतेहाबाद के बिश्नोई मंदिर में मीडिया से बातचीत में अपनी बात रखते बिश्नोई समाज के पदाधिकारी।
फतेहाबाद। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग को मीडिया चैनल्स पर बिश्नोई गैंग बुलाए जाने से बिश्नोई समाज बेहद आहत महसूस कर रहा है। फतेहाबाद के बिश्नोई मंदिर में शनिवार को लगे रक्तदान शिविर के दौरान मीडिया से बातचीत में बिश्नोई समाज के लोगों ने इसको लेकर रोष जताया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इसको लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा तो वे वहां भी जाएंगे, लेकिन इस गैंग को बिश्नोई समाज के नाम से जोड़ा जाना सहन नहीं किया जाएगा।
बता दें कि लॉरेंस गैंग की ओर से लगातार बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को धमकियां दी जाती रही हैं। सलमान खान के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गई थी। अब सलमान के करीबी राजनेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोप भी इसी गैंग पर लगे हैं। अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के प्रदेश सचिव विनोद काकड़ ने कहा कि बिश्नोई समाज बेहद पर्यावरण प्रेमी समाज है। जब पर्यावरण प्रेमी समाज को गैंग कहा जाता है, तो समाज के सभी लोगों को दुख और आपत्ति होती है। अगर कोई व्यक्ति गैंग का संचालन कर रहा है, तो उसका नाम लिया जाना चाहिए। पूरे समाज का नाम शामिल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस यदि गलत काम कर रहा है, तो वह भी गलत है, समाज उसके गलत कार्यों में बिल्कुल भी साथ नहीं है। यदि वह हिरण मामले में समाज की मांग उठा रहा है, तो वह सही है।
जीव रक्षा दल के अध्यक्ष हंसराज गोदारा ने कहा कि एक आदमी का गैंग हो सकता है, पूरा समाज गैंग नहीं हो सकता। सलमान खान ने हिरण मारा, उसका दोष भी कोर्ट में तय हो गया और मामला कोर्ट का है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन उसे कोई खान गैंग नहीं बुलाता। उन्होंने कहा कि लॉरेंस पर आरोप अभी तय नहीं हुए, लेकिन उसको लेकर पूरे समाज को गैंग से जोड़ दिया जाता है। यह सही नहीं है, इससे समाज के लोगों को दुख हुआ है। बैठक में बिश्नोई सभा के प्रधान भूप सिंह मांझू, सचिव महावीर मांझू, सेवक दल सुरजीत ढुकिया, जीव रक्षा दल से नरसी काकड़ सहित कई लोग मौजूद रहे।