फतेहाबाद। बीघड़ रोड पर गुरु तेग बहादुर स्कूल के पास स्कूटी पर बैठी महिला का बाइक पर सवार दो युवकों ने बैग छीन लिया। छीना छपटी में महिला स्कूटी से सड़क पर गिरी और उसे गंभीर चोटें आई। महिला को उसके पति ने नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस मामले में फतेहाबाद सदर पुलिस ने पीड़ित महिला ममता निवासी बीघड़ की शिकायत पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ स्नैचिंग का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ममता ने बताया कि वह अपने पति जितेंद्र के साथ 24 फरवरी को फतेहाबाद शहर से दवा लेने व अन्य काम निपटाकर गांव जा रही थी। स्कूटी को उसके पति चला रहे थे और वह उनके पीछे बैठी थी। जब वह गुरु तेग बहादुर स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर दो युवक आए और अपना बाइक उनकी स्कूटी के साथ चलाने लगे। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ में पकड़ा बैग छीनने का प्रयास किया तो उसने बैग को मजबूती से पकड़ लिया। युवक ने जोर का झटका देकर उससे बैग छीन लिया और उसे स्कूटी से धक्का दे दिया। इससे वह सड़क पर गिर गई और उसके बाएं हाथ व पैर में चोटें आई। युवक बीघड़ की ओर फरार हो गए। बैग में 18 हजार रुपये की नकदी व एक मोबाइल था। उसके पति ने उसको नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।