मौके पर छात्रा से घटना की जानकारी लेते शहर थाना प्रभारी
रतिया। नए बस स्टैंड के साथ लगते पालिका बाजार में वीरवार सुबह फिर एक छात्रा से बाइक सवार युवक ने मोबाइल छीन लिया। छात्रा ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखकर युवक की पहचान का प्रयास किया। इससे पहले बुधवार को भी पालिका बाजार में ही एक छात्रा से दो बाइक सवार युवक मोबाइल छीन ले गए थे। हालांकि उक्त युवकों को थोड़ी ही दूर आसपास के दुकानदारों ने दबोच लिया था। पुलिस को दी शिकायत में गांव घासवा निवासी छात्रा गुरलीन ने बताया कि पालिका बाजार की तरफ अपने इंस्टीट्यूट पर पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार युवक उसके हाथ से मोबाइल छीन कर फरार हो गया। उसने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार भी एकत्रित हो गए और उक्त युवक का पीछा करना शुरू कर दिया तथा पीछा कर रहे लोगों को चकमा देकर फतेहाबाद रोड की तरफ भाग गया। शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।