टोहाना। शनिवार शाम भूना रोड पर बाइक सवार व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। शहर पुलिस ने परिजनों के ब्यान पर कार्रवाई करते हुए वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया, पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस को दिए बयान में सनियाना निवासी मनोहर लाल ने बताया कि वह अपने भाई बहादर सिंह के साथ बाइक पर टोहाना आया हुआ था। वह भूना रोड स्थित पुन्नी फैक्टरी के सामने खड़ा हो गया तथा उसका भाई सामान लेने के लिए बाजार में चला गया। इस दौरान तेज गति से टाटा ऐस का चालक भूना रोड की तरफ से आ रहा था, जिसके पीछे उसका भाई भी बाइक पर आ रहा था। वाहन चालक ने एकदम से ब्रेक लगा दी और साइड का दरवाजा खोल दी जिससे उसके भाई की बाइक खिड़की से टकरा गई और उसका भाई सड़क पर जा गिरा। जब वह एंबुलेंस से अपने भाई को नागरिक अस्पताल में लेकर आया तो चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया।