आईटीआई भिरड़ाना में दाखिला प्रक्रिया में भाग लेते हुए विद्यार्थी
फतेहाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। विभाग द्वारा शुरू की गई ऑन द स्पॉट (तत्काल) दाखिला प्रक्रिया का आईटीआई को फायदा मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की आईटीआई में 85 फीसदी तक दाखिले हो चुके हैं। विभाग ने ऑन द स्पॉट दाखिले के लिए 8 अगस्त को पोर्टल खोला था और 12 अगस्त के बाद प्रक्रिया शुरू की थी।
आईटीआई भिरड़ाना में सीविंग टेक्नोलॉजी व ड्रेस मेकिंग ट्रेड को छोड़कर अन्य में सीटें भर गई हैं। जिले में पांच सरकारी आईटीआई में दाखिले को लेकर प्रक्रिया चल रही है। आईटीआई भोड़िया खेड़ा में 600 सीटें है, अधिकारियों की माने तो यहां भी सीटें भर चुकी हैं।
ये है आईटीआई भिरड़ाना में सीटों की स्थिति
ट्रेड सीट रिक्त सीटें
सीविंग टेक्नोलॉजी 20 18
ड्रेस मेकिंग 20 12
इलेक्ट्रिशियन 20 0
फिटर 20 0
वेल्डर 20 0
कोपा 48 0
डीजल मैकेनिक 48 0
मैकेनिक मोटर व्हीकल 24 0
ड्यूल वेल्डर 20 0
-
स्नातक में दाखिले बंद, स्नातकोत्तर में जारी
स्नातक में दाखिलों से ज्यादा विद्यार्थियों की रूचि बहुतकनीकी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रही है। यही वजह है कि बहुतकनीकी संस्थानों में सीटें भरी जा चुकी है। आईटीआई में भी करीब 85 फीसदी भरी जा चुकी है। हालांकि महाविद्यालयों में 40 से 50 फीसदी सीटें स्नातक में खाली है। स्नातकोत्तर कक्षाओं में अभी दाखिला प्रक्रिया जारी है। स्नातकोत्तर में 24 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग के जरिए दाखिला प्रक्रिया चल रही है।
आईटीआई भिरड़ाना में ऑन द स्पॉट दाखिला की प्रक्रिया जारी है। तकरीबन सीटें भरी जा चुकी हैं। दो ट्रेड में ही सीटें खाली रही हैं। उम्मीद है ये सीटें भी जल्द भर जाएंगी।
- भूपेंद्र सिहं, इंचार्ज, आईटीआई भिरड़ाना