रतिया मीटिंग को संबोधित करते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज
- फोटो : Fatehabad
रतिया। राज्य चुनाव आयोग ने पहले चरण में जिला फतेहाबाद में पंचायत चुनाव करवाने की घोषणा की है। घोषणा के बाद शुक्रवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में पंचायत विभाग के कर्मचारियों की एक मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज ने चुनावों को लेकर कर्मचारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 14 से लेकर 19 अक्तूबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे 20 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटाई की जाएगी 21 अक्तूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकता है और 21 अक्तूबर को ही उम्मीदवारों को 3 बजे के बाद चुनाव निशान आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य 2 नवंबर को सरपंच व ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव करवाए जाएंगे। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने बताया कि चुनावों को लेकर चुनाव आयोग द्वारा विभाग के पास पहले ही नामांकन फार्म, एफिडेविट, फीस की पर्ची, वोटर लिस्ट तथा अन्य सामग्री भेज दी गई है जिसको लेकर चुनाव ड्यूटी में लगे हुए कर्मचारियों को विभाग द्वारा ट्रेनिंग भी दी जाएगी और वोटर लिस्ट में सुधारीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खंड के सभी गांवों में बनाए गए बूथ का कर्मचारियों द्वारा विशेष निरीक्षण किया जाएगा और निरीक्षण के दौरान बूथ में अगर कोई कमी पाई जाती है तो उसको दुरुस्त करवाया जाएगा। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि वह अपने अपने बूथ का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें। बैठक में उपमंडल अधिकारी पंचायती राज मान सिंह, ग्राम सचिव विजेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, अमित कुमार, नवदीप नेहरा व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।