रतिया। गांव कुनाल निवासी किसान लखविंद्र सिंह ने निजी बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित छह लोगों पर दो करोड़ रुपये के हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में लखविंद्र सिंह ने कहा कि उसका रतिया के बैंक में सेविंग खाता है। उसने भविष्य में जमीन खरीदने के लिए दो करोड़ रुपये की राशि जमा की हुई थी। वह जब जमीन खरीदने के लिए बैंक रुपये निकालने गया। इस दौरान पता चला कि आरोपियों ने बैंक से मिलीभगत कर उसके खाते से अलग-अलग तारीखों में दो करोड़ रुपये निकाल लिए। उसका कहना है कि उसने न तो किसी को वाउचर दिए और न ही राशि को किसी के खाते में ट्रांसफर की। उसके यहां न होने का फायदा उठाकर उसके फर्जी साइन कर राशि निकाली गई है। थाना प्रभारी जय सिंह ने कहा कि जिस वक्त उक्त व्यक्ति शिकायत देने आया था, वह किसी अन्य मामले की जांच के सिलसिले में फील्ड में गए हुए थे। थाने में शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच करेगी। वहीं, निजी बैंक के मैनेजर ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि शनिवार के चलते बैंक की छुट्टी है तथा सोमवार को वह पूरे दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ मामले में पक्ष रखेंगे।