भूना। आपराधिक घटनाओं में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित 22 संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर एएसपी के सुपर विजन में 22 टीमों ने रविवार तड़के तीन बजे सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बच्ची गैंग के सरगना सोनू उर्फ बच्ची व उसके गुर्गे बिल्ला उर्फ अशोक तथा सौरभ उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। अभियान में महिला पुलिस थाना फतेहाबाद व पुलिस लाइन तथा भूना थाना के इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर की अगुवाई में टीमें गठित की गई थीं।
टीमों ने शहर भूना के वार्ड नंबर 2, 4, 5, चंदन नगर तथा मॉडल टाउन और खैरी चौक एरिया में एक साथ सर्च अभियान चलाया। अभियान में बच्ची गैंग के सरगना सोनू उर्फ बच्ची को दबोच लेने में पुलिस को कामयाबी मिली है। भूना में बच्ची गैंग के सरगना ने जेल से जमानत पर छूटकर आने के बाद अपने गुर्गों के साथ व्यापारियों व दुकानदारों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। बच्ची द्वारा अनाज मंडी में कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर धमकी भरे लहजे में बात करने और उनका फोन नंबर लिए जाने के बाद व्यापारी वर्ग भयभीत हो गया था। सोनू उर्फ बच्ची पर अपने साथियों के साथ 22 जून बुधवार देर रात्रि को शराब ठेकेदार अमरजीत के घर पर गोलियां चलाकर जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगा है। आरोप है कि ठेकेदार ने सोनू उर्फ बच्ची व उसके गुर्गों को आईफोन व ब्रांडेड कपड़े दिलवाने से इन्कार कर दिया था। उसी रंजिश के चलते अमरजीत के घर पर फायरिंग की गई।
एसपी ने रणनीति बनाई तो बदमाश शिकंजे में आए
एसपी आस्था मोदी ने शनिवार शाम को एएसपी सृष्टि गुप्ता के साथ लंबी बातचीत की और भूना शहर में आपराधिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने का प्लान तैयार किया। एएसपी ने शहर में आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के घरों की लोकेशन पर गाड़ियों या पैदल जाने की पूरी तैयारी करके रविवार सुबह तीन बजे छापेमारी की। इसके अतिरिक्त शहर के अति संवेदनशील एरिया में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। अवैध शराब के खुर्दों पर भी कार्रवाई की गई।
सोनू उर्फ बच्ची व सौरभ पर डकैती, अवैध शस्त्र और हत्या प्रयास के कई मामले दर्ज
कुख्यात सोनू उर्फ बच्ची मई महीने में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। आरोपी पर हरियाणा, पंजाब व राजस्थान सहित कई पुलिस थानों में 48 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें हत्या, हत्या प्रयास डकैती,चोरी, लूटपाट, मारपीट, छीनाझपटी व डरा धमका कर रंगदारी मांगने जैसे कई संगीन मामले हैं। भूना पुलिस ने करीब ढाई साल पहले हत्या प्रयास व डकैती के मामले में उसे पकड़ा था। करीब सवा महीने पहले वह जमानत लेकर जेल से बाहर आ गया। वहीं, सौरभ पर 12 मामले दर्ज हैं, जिनमें लूटपाट, डकैती, मारपीट, हत्या प्रयास व चोरी तथा छीना झपटी के मुकदमे हैं।
कोट
पुलिस ने रविवार अलसुबह अलग-अलग टीमें गठित करके सर्च अभियान चलाया। सोनू उर्फ बच्ची, सौरभ, बिल्ला उर्फ अशोक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
-सृष्टि गुप्ता, एएसपी