फतेहाबाद। टोहाना क्षेत्र में दुष्कर्मी जलेबी बाबा के बाद एक और बाबा पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। इस बार आरोप गांव मुस्साखेड़ा के बाबा गरीबदास पर लगा है। टोहाना उपमंडल क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने बाबा गरीबदास के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अक्सर बीमार रहती थी। उसके पिता को किसी ने बताया कि बाबा गरीबदास गांव मूस्साखेड़ा में रहता है, जो झाड़-फूंक से हर प्रकार की बीमारी को ठीक कर देता है। वह अपने पिता को साथ लेकर गांव मुस्साखेड़ा में बाबा के पास गई। बाबा ने कहा कि आपके ऊपर प्रेत आत्मा का प्रकोप है। इस कारण तुम बीमार रहती हो। मैं अपनी तांत्रिक शक्ति व भभूति से इसको हटा दूंगा और उसके बाद तुम बिल्कुल ठीक हो जाओगी। महिला ने कहा कि वह बाबा की बातों में आ गई। बाबा ने ताबीज व भभूति देकर कहा कि इसे तुम अपने घर में रख लेना और दो दिन के बाद मैं तुम्हारे घर पर आऊंगा। मेरे द्वारा मंत्र पढ़ने के बाद तुम यह भभूति पानी में मिलाकर पी लेना। इसके दो दिन बाद सितंबर 2022 के आखिरी सप्ताह में बाबा उसके घर आया। इसका इलाज करने व मंत्र उच्चारण करने के बहाने उसे बेडरूम में ले गया और कहा कि मंत्र उच्चारण करने के बाद तुम्हें यह भभूति वाला पानी पिलाना है, फिर कुछ मंत्र पढ़कर उसने भभूति वाला पानी पीने के लिए दे दिया। भभूति वाला पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसका फायदा उठाकर बाबा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाबा उसके घर से यह कहकर चला गया कि अभी भूत प्रेत को हटाने व मंत्र उच्चारण के कारण उसे होश नहीं है। कुछ समय बाद होश आ जाएगा। आप इसको 3-4 दिन बाद मेरे पास भेज देना।
अश्लील फोटो दिखाकर किया ब्लैकमेल
इसके बाद बाबा ने फोन करके मेरे से हालचाल पूछा और मुझे मुस्साखेड़ा आने के लिए कहा। मैं बाबा के पास गई तो झाड़ फूंक करने के बहाने एक कमरे में ले गया और वहां पर मुझे अपने मोबाइल में मेरी नग्न फोटो व बाबा द्वारा बेहोशी में शारीरिक संबंध बनाते हुए फोटो दिखाते हुए कहा कि अब मैं तुम्हें जैसा कहूंगा, वैसा करना पड़ेगा, वरना यह फोटो इंटरनेट पर डाल दूंगा और तुम्हारे पति व अन्य लोगों को दिखा दूंगा। उसे मुझे डरा धमकाकर फिर से दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो बदनाम कर दूंगा और तेरे पति व बच्चों को तांत्रिक शक्ति से मार दूंगा। इसके बाद बाबा उसको फोन पर ब्लैकमेल करके अश्लील बातें करता और डरा धमकाकर उसके साथ कई बार अप्राकृतिक संबंध भी बनाए।
इससे पहले जलेबी बाबा को हो चुकी 14 साल की कैद
इससे पहले टोहाना कस्बे के तांत्रिक जलेबी बाबा उर्फ अमरपुरी बिल्लू पर भी 100 से अधिक महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप लगे थे। इसको इसी साल जनवरी महीने में अदालत ने दोषी करार देते हुए 14 साल की कैद की सजा सुनाई थी। जलेबी बाबा को नशा देकर महिलाओं से दुष्कर्म करने, मोबाइल पर अश्लील वीडियो बनाने के अलावा पैसे ऐंठने, आईटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में फास्ट ट्रैक अदालत ने दोषी ठहराया गया था।
कोट
महिला की शिकायत पर मुस्साखेड़ा निवासी बाबा गरीबदास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अभी गिरफ्तारी नहीं हुई। छानबीन की जा रही है।
-प्रियंका, प्रभारी, महिला थाना फतेहाबाद