फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: भूना में पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानकर लूटने की कोशिश

Sat, 08 Jul 2023 09:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
भूना (फतेहाबाद)। गांव मोचीवाली से गांव दहमान रोड पर नहर के पुल पर पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानकर लूटने की कोशिश की गई। इस पर समय पर कार्रवाई करते हुए सीआईए पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान भूना निवासी रामलखन उर्फ लखन व रामदास उर्फ दासी के रूप में हुई है। दोनों बदमाश डकैती व अन्य कई मामलों में भगोड़ा घोषित हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार, 32 बोर का पिस्तौल, दो कारतूस और एक गंडासानुमा हथियार बरामद किया है।
विज्ञापन

सीआईए इंचार्ज कपिल सिहाग को शुक्रवार देर रात्रि को सूचना मिली कि मोचीवाली से गांव दहमान रोड पर नहर के पुल पर कार के साथ दो युवक हथियारों से लैस होकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद सीआईए इंचार्ज ने टीम गठित करके एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में मौके पर भेजा। सीआईए कर्मियों ने सरकारी गाड़ी की नीली बत्ती छत से उतारकर अंदर रख लिया। रात के अंधेरे में सीआईए की गाड़ी मोची से दहमान रोड के पुल से गुजर रही थी। इस बीच स्विफ्ट डिजायर के पास खड़े दोनों युवकों ने दौड़ कर गाड़ी को रोकने का इशारा किया। पुलिस टीम ने गाड़ी की ब्रेक लगाई तो एक युवक ने ड्राइवर पर पिस्तौल तान दी और एएसआई पर गंडासानुमा हथियार लहराते हुए कहा कि तुम्हारे पास जो भी है जल्दी निकाल दो, लेकिन जब एक बदमाश ने गाड़ी के अंदर बैटरी की रोशनी मार कर देखा तो उनके होश उड़ गए। पुलिस वर्दी को देखते ही भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा करके दोनों को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि मिली। वे लूटपाट, डकैती व चोरी के मामलों में अदालत से भगोड़े घोषित हैं। दोनों बदमाश भूना के वाल्मीकि मोहल्ला के वार्ड नंबर 2 निवासी रामलखन उर्फ लखन व वार्ड नंबर 4 निवासी रामदास उर्फ दासी के रूप में पहचान हुई है। पुलिस ने लखन से 32 बोर का अवैध पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किए हैं, जबकि दासी से एक गंडासानुमा हथियार और टॉर्च मिली है। आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
विज्ञापन

चिट्टा स्मैक का सौदागर है लखन
रामलखन उर्फ लखन ने पूछताछ में कबूला है कि वह लंबे समय से चिट्टा स्मैक के कारोबार से जुड़ा हुआ है। भूना व सीआईए को उसके चिट्टा स्मैक धंधे की भनक लग गई थी। इसलिए वह भूना छोड़कर कई वर्षों से हिसार में किराये का मकान लेकर रह रहा है। भूना में चिट्ठा स्मैक की सप्लाई अभी भी कर रहा था।

पुलिस ने शुक्रवार देर रात लूटपाट का प्रयास करने वाले दो बदमाशों को काबू किया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
विज्ञापन

-सृष्टि गुप्ता, एएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें