गांव भोड़ियाखेड़ा के राजकीय महिला महाविद्यालय में तैनात सहायक प्रोफेसर के साथ मारपीट कर जातिसूचक गालीगलौज करने का मामला सामने आया है। सहायक प्रोफेसर डॉ.नसीब ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के पास आरोपी कनिष्क ने उसके साथ मारपीट की और गाली गलौज किया। मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में गांव भिवानी के गांव चांग निवासी डॉ.नसीब सिंह ने आरोप लगाया कि वह गांव भोड़ियाखेड़ा के राजकीय महिला महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर मनोविज्ञान विषय पर तैनात है। 22 अगस्त की शाम को कोरोना को लेकर लगाई गई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ड्यूटी से अपने घर आ रहा था। कॉलेज के मुख्य गेट के पास वाले मोड़ पर कनिष्क नाम के व्यक्ति ने कार आगे लगा ली। आरोप है कि उसने नीचे उतरकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी के साथ जातिसूचक गाली गलौज भी किया। आरोप है कि उसने गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।