फतेहाबाद। फतेहाबाद में आई 19 गुलाबी नई बसें अब हिसार-सिरसा के अलावा ग्रामीण रूटों पर भी दौड़ती हुई दिखाई देंगी। फिलहाल फतेहाबाद से हिसार व सिरसा के लिए रोडवेज की बड़ी बसें ही चल रही हैं। रोडवेज विभाग अब इन रूटों पर गुलाबी बसों को भी चलाने की तैयारी में है, जिससे की इस रूट के ग्रामीणों को भी फायदा होगा। वहीं जिले के बड़े गांवों में भी इन बसों का संचालन किया जाएगा।
फतेहाबाद रोडवेज विभाग को मार्च महीने में 22 नई गुलाबी बसें मिली थीं। फतेहाबाद को मिली इन नई गुलाबी बसों में से 19 का फिजिकल वेरिफिकेशन हो चुका है और इनकी पासिंग भी हो चुकी है। दो या तीन दिनों में इनको नंबर भी मिल जाएंगे। इसके बाद यह बसें फतेहाबाद ही नहीं बल्कि हिसार व सिरसा के लिए भी दौड़ती नजर आएंगी। रोडवेज विभाग की प्लानिंग है कि बची हुई मिनी बसों को उन गांवों तक पहुंचाया जाए, जहां बसों का आवागमन नहीं है। इसके अलावा जिले के बड़े गांवों में भी इन बसों का संचालन किया जाएगा।
इससे पहले फतेहाबाद रोडवेज विभाग के पास नौ मिनी बसें सड़कों पर चल रही हैं। इनमें एक बस को गांव मताना में चलाया जा रहा है। अन्य बसों का संचालन सिटी बस के तौर पर किया जा रहा है, जो नए बस स्टैंड से शहर से होते हुए दरियापुर तक जा रही हैं। सिटी बस के रूप में चल रही इन बसों से रोडवेज को अच्छा खासा मुनाफा भी हो रहा है।
भिरडाना, भूथनकलां व गोरखपुर तक चलेंगी मिनी बसें
रोडवेज विभाग के अनुसार, हिसार-सिरसा रूट के लिए तो मिनी बसें चलेंगी ही, साथ ही गांव भिरडाना, भूथनकलां व गोरखपुर के लिए भी इन बसों का संचालन किया जाएगा। ज्ञात रहे कि यह गांव जिले के बड़े गांवों में शुमार हैं और यहां पर शहर के लिए लोगों का आवागमन अधिक रहता है। लेकिन बसों की संख्या कम होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी आती है। इसी को देखते हुए इन गांवों में बसों का संचालन होगा। इसके अलावा वह गांव जहां, बसों का संचालन नहीं हो रहा, वहां के विद्यार्थियों व ग्रामीणों को परेशानी ना आए, इसके लिए भी रूट प्लान बनाया जा रहा है।
कोट
फतेहाबाद में फिलहाल नौ मिनी गुलाबी बसें हैं। मार्च महीने में रोडवेज बेड़े में 22 नई मिनी बसें और जुड़ी हैं।इन बसों में से 19 की पासिंग हो चुकी है और इनको एक या दो दिन में नंबर भी अलॉट हो जाएंगे। यह बसें सिरसा-हिसार रूट के अलावा जिन गांवों में बसें नहीं जा रही और आबादी से अधिक वाले गांवों में भेजी जाएंगी।
-शेर सिंह, जीएम, हरियाणा रोडवेज फतेहाबाद