जाम लगाकर प्रदर्शन करते हुए छात्र-छात्राएं।
टोहाना। गांव रत्ताखेडा के छात्र-छात्राओं ने गांव में बने बस स्टॉप पर सरकारी बसों को नहीं रोकने पर आक्रोश जताया है। छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाने के लिए प्रयास किए। मगर प्रदर्शनकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की।
बस स्टैंड के डीआई सुरेश दहिया के आश्वासन पर जब अलग से सरकारी बस आई तो करीब एक घंटे बाद जाम को खोल दिया गया। इस दौरान पिरथला से आने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, संस्थान प्रबंधक विनोद कुमार ने तीन छात्रों पर सरकारी बस का रास्ता रोककर विभाग के किलोमीटर मिस करने का आरोप लगाकर शिकायत सदर थाने में दी है।
प्रदर्शनकारी छात्रा प्रीति व अन्य ने बताया कि वे सरकारी आईटीआई में पढ़ने के लिए जाते हैं। मगर यहां बसों को रोका नहीं जाता, बस को कुछ दूरी पर आगे ले जाकर रोक लिया जाता है। बस को स्टाॅप पर नहीं रोकने से उनकी बस छूट जाती है और इससे उनकी पढ़ाई खराब हो रही है। छात्र बंटू ने बताया कि प्रशासन द्वारा गांव में बस स्टॉप बनाया गया है, लेकिन यहां बस को नहीं रोककर विद्यार्थियों को परेशान किया जाता है। बस को थोड़ा आगे रोकने के बजाय अगर बस स्टाॅप पर ही रोक लिया जाए, तो उन्हें दिक्कत नहीं होगी।
-
यह दी है थाने में शिकायत
बस संस्थान प्रबंधक विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि रोडवेज विभाग की दो बसें उकलाना से टोहाना आ रही थी तो गांव रत्ताखेडा के बस अड्डे पर बंटू, अजय व जयहिंद के साथ अन्य व्यक्तियों ने जाम लगाकर बसों को रोक लिया। डायल 112 की गाड़ी मौके पर आई, लेकिन जाम को नहीं खोला गया तो विभाग के किलोमीटर मिस हो गए। इससे विभाग को नुकसान हुआ है। इससे बस में सवार यात्रियाें को भी परेशानी हुई है, इसलिए उपरोक्त के खिलाफ कार्रवाई की जाए।