टोहाना। गांव दमकोरा में करीब 22 दिन पहले विवाहिता परमजीत की हुई मौत मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने डांगरा रोड स्थित लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। करीब साढ़े चार घंटे तक गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन चलता रहा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्थानीय राजनीतिक लोगों के दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके चलते आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। शहर थाना प्रभारी राजपाल ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानें और प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर टेंट लगाकर प्रदर्शन को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी। मामले को बढ़ता देख डीएसपी शाकिर हुसैन मौके पर आए और प्रदर्शनकारियों को बताया कि मृतका के पति आरोपी राजबीर को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी मां सीता देवी को दो दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी के आश्वासन के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लघु सचिवालय के गेट का ताला खोला गया। जिसके बाद कार्यालयों में आने-जाने वाले आमजन व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
6 साल पहले हुई थी शादी, ससुरालजन परेशान करते थे, इसलिए की आत्महत्या : परिजन
प्रदर्शन के दौरान मृतका के भाई कुलदीप ने बताया कि उसकी बहन परमजीत का विवाह वर्ष 2016 में गांव दमकौरा निवासी राजबीर के साथ हुआ था, जिनकी एक बेटी भी है। शादी के दो साल बाद से उसकी बहन को पति राजबीर व सास सीता देवी परेशान करते थे। इससे परेशान होकर उसकी बहन ने 10 जुलाई को ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय पुलिस ने शिकायत पर पति व सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं की।
मृतका के भाई कुलदीप की शिकायत पर उसकी बहन के पति व सास के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपी राजबीर को गिरफ्तार कर लिया है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद जो भी धारा नियमानुसार जोड़नी होगी वो जोड़ी जाएगी, मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।
-राजपाल, प्रभारी, शहर थाना टोहाना
टोहाना में लघु सचिवालय के गेट पर ताला जड़कर नारेबाजी करते हुए लड़की पक्ष के लोग।- फोटो : Fatehabad