जाखल। शिक्षा विभाग ने विकल्प पूछे बिना पंजाबी विषय के अध्यापकों को पंजाबी प्रवक्ता के पद पर पदोन्नत शिक्षकों को दूर के जिलों में स्टेशन आवंटित कर दिए हैं। डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर एसोसिएशन ने इस निर्णय को गलत बताया। एसोसिएशन के राज्य प्रधान विजेंद्र मोर, राज्य चेयरमैन धर्मेंद्र ढांडा और प्रेस सचिव बूटा सिंह ने इस पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि बाकी सभी विषयों की तरह ही पदोन्नत पंजाबी अध्यापकों से भी विकल्प मांगा जाना चाहिए था लेकिन ऐसा न करने पर पदोन्नत हुए अध्यापकों में भारी रोष है। शिक्षक नेताओं ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम तैयार कर शिक्षा विभाग को भेज दिया है लेकिन उसे जारी नहीं किया गया है। ऐसे में इस परिणाम को जल्द जारी कर मॉडल स्कूलों समेत सामान्य स्थानांतरण अभियान को शीघ्र चलाया जाए।