फतेहाबाद के फव्वारा चौक से कूडा डंपिंग प्वाइंट हटाने को लेकर बैठक लेते हुए ईओ
फतेहाबाद। शहर के फव्वारा चौक और मीट मार्केट में नगर परिषद कचरा डंपिंग प्वाइंट नहीं बनाएगा। मुख्य बाजार और कॉलोनियों में सफाई के बाद निकलने वाले कूड़े को लेकर नगर परिषद ने दो जोन में बांट दिया है। सफाई कर्मचारियों के साथ ही एजेंसी के कर्मचारी और साधन रहेंगे। सफाई के साथ ही कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा डालेंगे और एजेंसी कर्मचारी साथ-साथ ही ले जाएंगे।
फव्वारा चौक के डंपिंग प्वाइंट को लेकर ईओ ऋषिकेश चौधरी ने वीरवार को सीएसआई मुकेश शर्मा, एसआई महेश कुमार, सफाई कर्मचारी यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी और एजेंसी सुपरवाइजर बंसीलाल के साथ बैठक की। बैठक में ईओ ने कहा कि फव्वारा चौक और मीट मार्केट में कचरा नहीं डाला जाएगा और इसे हंस मार्केट में खाली प्लॉट में डाला जाए। यहां पर टैक्ट्रर-ट्राली खड़ी की जाएगी। इसको लेकर कर्मचारी तैयार नहीं हुए और कहा कि तहसील चौक से यहां कचरा लाने से दिक्कत होगी। इसके बाद सुझाव दिया गया कि तहसील चौक, तुलसीदास चौक की तरफ के एरिया में सफाई के दौरान एजेंसी के कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मौजूद रहेंगे। यहां से कचरा लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जाएगी और पुराना बस स्टैंड के पास बने प्वाइंट पर उतारेगी। इसके अलावा हंस मार्केट, थाना रोड, पुरानी सब्जी मंडी एरिया का कचरा कर्मचारी पुराना बस स्टैंड के पास बने डंपिंग प्वाइंट पर उतारेंगे और यहां से एजेंसी उठाएगी। इसको लेकर सहमति बन गई।
फव्वारा चौक पर डाला जा रहा था कचरा
बता दें कि नगर परिषद की तरफ से पिछले चार दिनों से फव्वारा चौक पर कचरा डंपिंग प्वाइंट बना रखा है। यहां से दोपहर तक कचरा उठाया जा रहा है। इससे दुकानदारों को दिक्कत हो रही है। पहले मीट मार्केट के पास खाली जगह पर प्वाइंट बनाया गया था, जिसे हटा दिया गया है।