टोहाना। सीआईए पुलिस की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 7 किलो अफीम बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूना निवासी कोहिनूर के रूप में हुई है।
सीआईए प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि टीम एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में जब गांव समैण के बस अड्डे के पास पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि कोहिनूर अफीम तस्करी का काम करता है और वह गांव भीमावाला बस स्टैंड पर किसी के इंतजार में खड़ा है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बस स्टैंड पर एक युवक बैग लिए खड़ा था। पुलिस की गाड़ी देखकर युवक घबरा गया और गांव की तरफ भागने लगा।
शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 7 किलो 12 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाना सदर में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।