ुलिस द्वारा रवि उर्फ भईया से पकड़ी गई चूरापोस्त।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद आरोपी जमानत पर आने के बाद फिर चूरापोस्त के साथ पकड़ा गया है। उसे शुक्रवार रात को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने दौलतपुर के पास 100 किलो चूरापोस्त सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी व चूरापोस्त सप्लाई करने वाले अन्य व्यक्ति के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
डीएसपी जगदीश चंद्र ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद पुलिस की टीम शुक्रवार रात को गांव हिजरावां कलां से चलकर गांव दौलतपुर के बस अड्डे पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भाटिया कॉलोनी फतेहाबाद निवासी रवि उर्फ भईया एक कार में चूरापोस्त लेकर हिजरावां में चूरापोस्त बेचने आएगा। इस सूचना पर डीएसपी अजायब सिंह ने गांव दौलतपुर के पास फतेहाबाद रोड पर ढाणी ढाका टी प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद गांव ढाणी ढाका की ओर से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया तो चालक कार को मोड़ने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्य करते हुए कार चालक को काबू कर लिया और पूछताछ में उसने अपना नाम रवि बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पाया तो उसके पांच प्लास्टिक कट्टे रखे हुए थे और प्रत्येक कट्टे में 20-20 चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने उससे 100 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया। प्राथमिक पूछताछ में रवि ने बताया कि वह यह डोडा पोस्त ढाणी हिजरावां कलां निवासी सुखचैन सिंह उर्फ हैप्पी से उधार में खरीदकर लाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके दूसरे आरोपी सुखचैन उर्फ हैप्पी की तलाश आरंभ कर दी है।