नाढोड़ी से भूना रोड पर पेड़ों से टकरा कर क्षतिग्रस्त हुई कार
भूना। नाढोड़ी से भूना रोड पर बनी पुलिया पर जंप के कारण कार चालक का पांव ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर दब गया, जिससे स्कोडा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ों से टकरा गई। भीषण टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इंजन भी निकलकर दूर जा गिरा। घटना में भूना के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज व दूसरे को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें बैंककर्मी साहिल उर्फ दीपांशु सेठी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शनिवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे एक्सिस बैंककर्मी 27 वर्षीय साहिल उर्फ हिमांशु सेठी अपनी स्कोडा कार में दोस्त 28 वर्षीय उदित के साथ नाढोड़ी गांव में बैंक से संबंधित काम के लिए जा रहे थे। शहर से मात्र दो किलोमीटर दूर नाढोड़ी रोड पर सड़क पर बनी पुलिया पर जंप के कारण कार चालक साहिल उर्फ हिमांशु का पांव ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर दब गया, जिससे स्पीड अत्यधिक होने के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ों से टकरा गई। ग्रामीणों ने पुलिस एवं एंबुलेंस के कंट्रोल रूम में सूचना दी और मौके पर पहुंचकर कार में फंसे साहिल उर्फ हिमांशु तथा उदित को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल करवाया गया। मगर दोनों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा तथा हिसार रेफर कर दिया।
किसान ने सड़क तोड़कर नीचे दबाई थी पाइप लाइन
नाढोड़ी-भूना रोड पर पारता वालों की ढाणी के सामने सड़क के बीचोबीच खुदाई करके करीब आठ महीने पहले पाइप लाइन दबाई गई थी। परंतु पाइप का लेवल ऊंचा होने के कारण वाहनों के लिए ब्रेकर रूपी जंप बन गया। जिस पर लोक निर्माण विभाग ने पाइप के ऊपर रैंप बनाकर कुछ राहत दी थी। किंतु नए वाहनचालकों के लिए यह स्थिति जानलेवा बनी हुई। पुलिया पर पहले भी कई लोग दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण चोटिल हो चुके हैं। मगर पुलिया के जंप को सुधारा नहीं गया। इसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं।
कोट
सोमवार को पुलिया पर बने इस रैंप को सुधारने के लिए कर्मचारी भेजे जाएंगे।
-बलवीर सिंह, जेई, लोक निर्माण विभाग
सड़क दुर्घटना में साहिल उर्फ हिमांशु सेठी व उदित को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों के बयान ले लिए गए हैं। प्रारंभिक नजर में हादसा इत्तफाकिया ही है।
-अनूप कुमार, प्रभारी, भूना थाना