रतिया। क्षेत्र के गांव मिराना में नशे के अत्यधिक सेवन से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए नागरिक अस्पताल के सामने करीब 40 मिनट तक रतिया-बुढलाडा मार्ग पर जाम लगा दिया।
मृतक के परिजन गुरुमेल, वकील, जगराज, रामकिशन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सुखदेव उर्फ जोनी की नशे की ओवरडोज के चलते वीरवार रात्रि को मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाए कि उनके गांव में दो भाई मिलकर नशे का कारोबार करते हैं। उन्होंने गांव के अन्य युवाओं को भी इसमें शामिल किया हुआ है।
वीरवार रात्रि को भी नशे का कारोबार करने वाले लोगों ने सुखदेव को नशीला पदार्थ देने का लालच देकर पंजाब में सरदूलगढ़ क्षेत्र के गांव आलूपुर में नशा सप्लाई करने के लिए भेज दिया। जहां सुखदेव को नशे की ओवरडोज देकर देर रात को गांव में उनके घर के आगे फेंक कर चले गए।
जब पुलिस से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की तो सदर थाना प्रभारी ने पंजाब पुलिस द्वारा कार्रवाई करने की बात कही। इसके चलते मृतक सुखदेव के परिजनों और ग्रामीणों में रोष फैल गया और रतिया-बुढलाडा मार्ग पर जाम लगा दिया।
हालांकि सदर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। थोड़ी देर बाद पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर अंग्रेज और शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों को समझाया कि वे जो भी शिकायत देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जाम लगा रहे लोग शांत हुए और जाम खोल दिया गया।
पुलिस पर लगाए मिलीभगत के आरोप : परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके गांव में पुलिस की मिलीभगत से नशे का कारोबार हो रहा है। गांव के दो भाई सुखदेव व अन्य लोगों को शामिल कर नशे की सप्लाई करवाते हैं।
पुलिस इस मामले में एक दूसरे पर कार्रवाई करने की बात कर मामले को टालना चाहती है। परिजनों द्वारा करीब 40 मिनट तक जाम लगाए जाने के बाद डीएसपी जगदीश काजला, शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह और पंजाब के सरदूलगढ़ के सदर थाना प्रभारी अंग्रेज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शिकायत के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम को खोला। पंजाब पुलिस की टीम ने मृतक के भाई गुरमेल के बयान लिए और शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए पंजाब के सरदूलगढ़ ले गए।
सरपंचों ने कहा, गांव-गांव हो रहा नशे का कारोबार
गांव मिराना में नशे के ओवरडोज से हुई युवक की मौत के मामले में गांव के ही सरपंच रामप्रकाश, रतनगढ़ के सरपंच प्रतिनिधि विकास, सरदारेवाला के सिक्का सिंह, लठैरा के जसविंदर व पूर्व सरपंच जीवन सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि गांव-गांव में नशे की सप्लाई हो रही है। पुलिस प्रशासन मामले में सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है। सरपंच रामप्रकाश ने आरोप लगाया कि उनके गांव में दो व्यक्ति नशे का कारोबार करते हैं, इसको लेकर कई बार पुलिस को शिकायत की गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग नशे की सप्लाई के साथ अन्य युवकों को भी नशे के जाल में फंसा कर उनसे हरियाणा व पंजाब में नशा सप्लाई करवाते हैं।