टोहाना (फतेहाबाद)। शहर की मास्टर कॉलोनी में पोल पर लाइन ठीक करने के लिए चढ़े कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। शहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। शव की पहचान हिसार के उकलाना खंड के गांव सुरेवाला निवासी गुरदेव सिंह (29) के रूप में हुई है। गुरदेव हिसार के उकलाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर-चार से पंचायत समिति सदस्य भी थे। गुरदेव ने दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए साक्षात्कार भी पास कर लिया था। पुलिस ने मृतक के साथी संदीप कुमार के बयान पर निगम के जेई परमजीत व लाइनमैन भूपेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संदीप कुमार ने बताया कि वह गांव कन्हड़ी के ठेकेदार बिंद्र के पास काम करते हैं। 21 मार्च को वह मनोज कुमार व गुरदेव के साथ जेई परमजीत के कहने पर काम करने के लिए मास्टर कॉलोनी में गया। वहां से उसने लाइनमैन भूपेंद्र सिंह को फोन किया। इसके बाद लाइनमैन ने कहा कि छह नंबर लाइन पर काम करना है। फिर हमने कहा कि लाइन बंद करवा दो। आरोप है कि जिस लाइन पर काम करना था वह चार नंबर थी। काम करने के लिए गुरदेव के पोल पर चढ़ते ही करंट लगने से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। उसके बाद वे गुरदेव को अस्पताल में ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप ने आरोप लगाया कि जेई परमजीत व लाइनमैन भूपेंद्र की लापरवाही से यह घटना हुई। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के समय एक्सईएन रणवीर सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कोट
संदीप कुमार के बयान पर कार्रवाई करते हुए बिजली निगम के जेई परमजीत व लाइनमैन भूपेंद्र के खिलाफ धारा 304ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-कुलदीप सिंह, एसएचओ, शहर पुलिस टोहाना
इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक व्यक्ति की जान गई है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रनवीर सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम टोहाना