फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के समीप वाहन की चपेट में आने से सड़क किनारे जा रहे मजदूर की मौत हो गई। सदर फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए ब्यान में हिसार जिले के गांव सीसवाल निवासी शुभकरण ने बताया कि उसका भाई सोनू तूड़े की ट्रालियों पर मजदूरी का काम करता था। सोनू मजदूरी के लिए रविवार को गांव खाराखेड़ी की तरफ आया था। शाम को अंधेरा होने के चलते सोनू सड़क किनारे गांव खाराखेड़ी की तरफ जा रहा था। रास्ते में किसी वाहन ने सोनू को टक्कर मार दी। घायल सोनू को राहगीरों ने एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।