फतेहाबाद। गांव बड़ोपल के निकट पुलिस ने गोवंश से भरे एक संदिग्ध ट्रक को पकड़कर छह नंदियों को सुरक्षित मुक्त कराया। ओढ़ां (सिरसा) निवासी गगनदीप चालक ट्रक छोड़कर भागने लगा लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। गो तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, एस्कॉर्ट कर रही कार काबू कर विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बड़ोपल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि मंगलवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि आगे चल रही कार के माध्यम से रास्ता सुरक्षित होने का संदेश पहुंचाया जा रहा है जबकि पीछे एक ट्रक में गोवंश भरकर फतेहाबाद से हिसार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया।