फतेहाबाद। जिले में बुधवार रात और वीरवार सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर सवा 12 बजे तक 110 एमएम बारिश हुई। निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जिले में वीरवार दोपहर 4 बजे तक ओवर ऑल 84 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर के अधिकांश इलाकों में तीन से चार फुट तक पानी भर गया। शहर से लेकर गांव तक जलभराव से लोगों को जूझना पड़ा। हरनाम सिंह कॉलोनी में संजय कुमार के मकान की छत गिर गई। चौधरी कॉलोनी में कुछ घरों में पानी घुस गया।
शहर में भारी जलभराव की जानकारी मिलने के बाद डीसी प्रदीप कुमार पानी निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले। उन्होंने तुलसीदास चौक पर कन्या स्कूल में स्थापित किए गए डिस्पोजल टैंक पर जाकर हालात देखे। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन तरुण गर्ग व अन्य अधिकारी भी डीसी के साथ रहे। बता दें कि फतेहाबाद के एमसी कॉलोनी व अन्य निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी भर गया। बीघड़ चौक, फतेहाबाद-बीघड़ रोड, भट्टू रोड, अग्रवाल कॉलोनी, एमसी कॉलोनी, नागरिक अस्पताल, पूरी अनाज मंडी, पुरानी कचहरी रोड, बस स्टैंड, पपीहा पार्क रोड, जीटी रोड सहित शहर के हर हिस्से में जलभराव देखा गया।
कई सरकारी स्कूलों में भर गया पानी, टपकती रही छत
भारी बारिश के कारण सबसे अधिक परेशानी सरकारी स्कूलों में स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने झेली। गांव ढाणी मिया खां, ढाणी खान मोहम्मद, ढिंगसरा व खाबड़ां कलां के सरकारी स्कूलों में कक्षाओं तक में पानी भर गया। इन स्कूलों में छतें भी टपकती रही। विद्यार्थियों के थैले और किताबें तक भीग गई। ढाणी मिया खां के स्कूल में तो भारी जलभराव के कारण विद्यार्थियों की छुट्टी करनी पड़ी। गांव ढिंगसरा के स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। इस कारण विद्यार्थियों को भय के साये में कक्षाएं लगानी पड़ रही है।
गांव भोड़िया खेड़ा में तालाब हुआ ओवरफ्लो, सड़क पर आई मछलियां
बारिश का फ्लो जवाहर चौक के पास श्रीकृष्णा सेवा समिति वाली गली में इतना था कि यह नदी की तरह नजर आया। इससे चिल्ली झील पर जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाया गया मिट्टी का अवरोधक भी टूट गया। गांव भोड़िया खेड़ा में तालाब ओवरफ्लो होने से मछलियां सड़कों पर आ गई और लोगों के घरों में पानी घुस गया।
11 बजे तक नहीं खुले बाजार, बाद में भी नहीं मिले ग्राहक
शहर के जीटी रोड, जवाहर चौक, थाना रोड, धर्मशाला रोड पर भारी जलभराव के कारण सुबह 11 बजे तक बाजार नहीं खुले। दुकानदार बारिश के रुकने व जल निकासी का इंतजार करते रहे। दोपहर करीब 12 बजे इन बाजारों में दुकानें खुलनी शुरू हुई। मगर उसके बाद भी ग्राहक नहीं मिले। दुकानदार दुकानों के बाहर बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते रहे।
गनीमत रही, परिवार बच गया
वीरवार सुबह हरनाम सिंह कॉलोनी में भारी बारिश के कारण संजय कुमार के मकान की छत गिर गई। हालांकि, बड़ा हादसा टल गया। हादसे के समय संजय कुमार के परिजन दूसरे कमरे में बैठे थे। छत गिरने से घरेलू सामान को काफी नुकसान पहुंचा।
रेस्तरां संचालकों ने पानी में बहाया कूड़ा
शहर में बारिश के दौरान कुछ रेस्तरां संचालकों व मिठाई विक्रेताओं के यहां कर्मचारियों को गंदगी फैलाते हुए भी देखा गया। रेस्तरां से निकलने वाला कूड़ा कर्कट व वेस्टेज पानी में ही बहा दिया गया, जो पानी निकलने के बाद सड़कों पर पड़ा नजर आया। जवाहर चौक के पास स्थित शहर के प्रमुख मिठाई विक्रेता थाराराम की दुकान के कर्मचारियों द्वारा पानी में ही कूड़ा बहाते की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई।
जिले में इतनी हुई बारिश
क्षेत्र बारिश
फतेहाबाद 110 एमएम
भट्टू 114 एमएम
रतिया 84 एमएम
टोहाना 88 एमएम
कुलां 82 एमएम
जाखल 81 एमएम
भूना 29 एमएम
कोट
शहर में पानी निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया है। एक बार भारी बारिश होने के बाद कुछ समय पानी निकासी में जरूर लगता है। पहले से प्रबंध और बेहतर हुए हैं। कन्या स्कूल में लगा डिस्पोजल सिस्टम सही काम कर रहा है।
-प्रदीप कुमार, डीसी, फतेहाबाद
ढाणी मियां खां के प्राइमरी स्कूल की कक्षा में भरा बारिश का पानी।- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद के जीटी रोड पर जलभराव से गुजरते वाहन।- फोटो : Fatehabad