नशे में धुत मिले नायब तहसीलदार का तबादला
अमर उजाला ब्यूरो
जाखल। उप तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार सतपाल कौशिक के निलंबन की मांग को लेकर दिया जा रहा किसानों का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने अपनी मांग पर अडिग रहते हुए दूसरे दिन भी जिला प्रशासन एवं सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। किसानों ने ऐलान किया कि जब तक नायब तहसीलदार सतबीर कौशिक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज नहीं होता व उसे सस्पेंड नहीं किया जाता तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार सतबीर कौशिक का कल ही तबादला कर किसी अन्य जगह पर स्थानांतरित कर दिया गया है। उनकी जगह पर टोहाना के नायब तहसीलदार ओमप्रकाश को यहां का चार्ज दे दिया गया है लेकिन इसके बावजूद किसान अपनी मांग से पीछे नहीं हटे हैं। किसानों का कहना है कि जिला प्रशासन साफ तौर पर नशे में धुत पाए गए अधिकारी का साथ दे रहा है। जिसके कारण ही उनके खिलाफ विभागीय एवं पुलिस कार्रवाई करने की बजाय सिर्फ तबादला कर कर खानापूर्ति की है। आज का धरना के अध्यक्षता पंजाब सिंह किसान तलवाडा व उत्तम सिंह तलवाडी ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी आज यहां नहीं रहे तो कल दूसरी जगह पर जाकर हमारे जैसे ही किसान भाईयों को परेशान करेंगे। उनकी मांग है कि ऐसे अधिकारियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्हें कम से कम सस्पेंड कर के दंडित किया जाए। किसानों ने कहा कि उन्हें जिस कदर परेशानियों का सामना करना पड़ता है वह किसी से छिपा नहीं है लेकिन जिला प्रशासन इस मामले में साफ तौर पर किसानों की अनदेखी कर रहा है वह उप तहसील कार्यालय जैसे किसानों के मुख्य काम आने वाले दफ्तरों में भी इस प्रकार की हो रही धक्के शाही में अनदेखी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक नायब तहसीलदार सतवीर कौशिक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज नहीं होता उन्हें उनकी नौकरी से सस्पेंड नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना में गजे सिंह सिधानी, जैला सिधानी,बलकार उदयपुर, जगतार तलवाडा, प्यारा सिंह, प्रेम कुमार, जीवन कुमार तलवाड़ी, जगदीश उदयपुर, बजरंग कुमार जाखल सहित आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए कई कार्यकर्ताओं ने इस में भाग लिया।