नहर से पानी लेने गए किसान का पैर फिसला, नहर में गिरा
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना । ललौदा में खेत में काम कर रहे किसान को प्यास लगने पर जब नहर से पानी लेने गया तो उसका पांव फिसल गया। जिसके बाद से ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नही लग पाया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव ललौदा निवासी 40 वर्षीय बालू पुत्र शंकर अपने खेत में धान की फसल की रोपाई कर रहा था। इस दौरान जब उसे प्यास लगी तो वह बोतल लेकर पास से गुजर रही सिद्धमुख नहर के पास पहुंचा। जब वह पानी भरने लगा तो अचानक उसका पांव फिसल गया। जिसके बाद उसके परिजनों व ग्रामीणों ने नहर में उसका सुराग लगाने का प्रयास किया लेकिन कुछ पता नही चला। मामले की सूचना पाकर एसआई कर्मसिंह के नेतृत्व की टीम मौके पर पहुंची तथा बालू की तलाश शुरू कर दी।