अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भूना के गांव चौबारा में मंगलवार रात को विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायर करते समय गोली का छर्रा एक व्यक्ति के पांव में जा लगा। उसे उपचार के लिए भूना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, गांव चौबारा में एक विवाह समारोह के दौरान लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान लोग हर्ष फायर भी कर रहे थे। बताया गया है कि हर्ष फायरिंग के दौरान ही गोली का छर्रे गांव के बलवंत सिंह के पांव में जा लगा। गंभीर हालत में उसे भूना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। जांच अधिकारी बलराज सिंह ने बताया कि अभी तक घायल इस मामले में बयान देने के हालात में नहीं है। यह पता जरूर चला है कि गांव में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान उसके पांव में गोली लगी है। उसके बयान देने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।