पल्स पोलियो अभियान के तहत लगाई ड्यूटियां
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। आगामी 11 मार्च से लगने वाले 3 दिवसीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीमें गठित की गई। यह जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डा. विजय जैन ने बताया कि आगामी 11 मार्च से द्वितीय चरण के तहत पल्स पोलियो अभियान आरम्भ किया जाएगा और यह अभियान आगामी 2 दिन तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन डा. मुनीश बंसल के दिशा-निर्देशोनुसार स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं और उपरोक्त कार्यक्रम को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए टीमें भी गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रथम चरण के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के अलावा आंगनवाड़ी, आशा वर्कर व विभिन्न नर्सिंग कालेज की छात्राओं को ट्रेनिंग देंगी और उसके पश्चात उपरोक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षित भी करेंगी। उन्होंने बताया कि कोई भी बच्चा पोलियो की बूंदों से वंचित न रहे, इस दृष्टि से टीमें स्लम बस्तियों, ढाणियों व ईंट-भट्ठों पर जाकर 0 से 5 वर्ष आयु तक के बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाएंगी और इसके पश्चात प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित बूथ स्थापित कर बच्चों को बूंदें पिलाई जाएंगी। इस दौरान मुख्य चिकित्सक ने पल्स पोलियो अभियान के स्थानीय इंचार्ज को विशेष दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।