अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद में किराए के मकान में अपने पार्टनर के साथ लिव इन में रह रही एक युवती ने पार्टनर पर शादी के नाम पर रेप करने व धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक उससे 2 साल तक रेप करता रहा और अब गायब हो गया। डीएसपी को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली है और मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक की दिल्ली में दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात हुई थी, जहां उसकी बातचीत शुरू हुई और फिर फोन पर भी बात होने लगी। आरोप है कि युवक उसको शादी का झांसा देकर यहां फतेहाबाद ले आया। यहां वह एक सैलून पर काम करता है। यहां वह उसके साथ दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहती रही है। आरोप है कि इस दौरान युवक उससे लगातार संबंध बनाता रहा और अब बिना शादी किए उसे छोड़कर चला गया है। युवती ने डीएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी धर्मबीर पूनिया ने बताया कि उनके पास शिकायत आई है। युवती के ब्यान लिए जा रहे हैं और जल्द ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।