अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
गांव लहरियां के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों लहरियां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए हिसार जिला के गांव जगान से आए हुए थे। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र भूना में दाखिल करवाया गया, किंतु नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार करके हिसार रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार हिसार जिले के गांव जगान निवासी 40 वर्षीय राजबीर सिंह व 30 वर्षीय राजेश कुमार गांव लहरियां में एक शादी समारोह में शिरकत करने बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। जैसे ही वे गांव कानीखेड़ी बस स्टॉप के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि राजबीर व राजेश मोटरसाइकिल सहित पेड़ से टकराते हुए सड़क से काफी दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार युवक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। इस संबंध में थाना के प्रधान मोहरर शंभू सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की रिपोर्ट मिली है। बीट इंचार्ज मौके पर ब्यान दर्ज करने के लिए गए हैं।