सडक हादसें में क्षतिग्रस्त पिकअप व बोलेरो गाड़ी।
टोहाना। गांव कन्हड़ी के पास पिकअप और बोलेरो की टक्कर होने से छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। दो की हालत को गंभीर देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात हिसार से पिकअप गाड़ी टोहाना आ रही थी तथा बोलेरो गाड़ी टोहाना से हिसार की तरफ जा रही थी। दोनों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे छह लोग घायल हो गए। इनकी पहचान हिसार निवासी 27 वर्षीय चंद्रमोहन, 31 वर्षीय गुरु चंद्र व जींद निवासी 24 वर्षीय गुरमीत के तौर पर हुई है जबकि तीन अन्य के मामूली खरोंच आई है। घटना की सूचना पाकर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायल चंद्रमोहन व गुरु चंद्र को अग्रोहा रेफर कर दिया गया है।