फतेहाबाद। जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। सैंपल जांच के दौरान जिले में डेंगू के छह केस मिले हैं। हालांकि इसमें जिले के दो ही केस हैं। जाखल निवासी 19 वर्षीय और भोड़ियाखेड़ा निवासी 16 वर्षीय मरीज डेंगू पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा पंजाब और जींद निवासी दो-दो केस मिले हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद ने संबंधित जिलों को सूचना दे दी है।टोहाना के नागरिक अस्पताल में उपचार करवाने के लिए आए पंजाब और जींद निवासी दो-दो व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। यहां पर जांच के दौरान सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट में चारों मरीज पॉजिटिव मिले हैं। अब तक जिले में डेंगू को लेकर 180 मरीजों के सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। डेंगू के केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने नागरिक अस्पताल में डेंगू कंट्रोल रूम बनाने का फैसला लिया है। पिछले साल भी डेंगू कंट्रोल रूम बनाया गया था। इसे अब दोबारा से सक्रिय किया जाएगा। कंट्रोल रूम में लोग डेंगू से बचाव और सैंपल व बेड संबंधित जानकारी ले सकेंगे।
विभाग ने शुरू करवाई फॉगिंग
जिले में डेंगू की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग अधिकारी भी पूरी तरह से हरकत में आ गए हैं। जाखल और भोड़िया खेड़ा में जो डेंगू केस मिले हैं उनके आसपास के घरों में भी सर्वे करवाया गया है। इसके अलावा फॉगिंग भी करवाई जा रही है। हालांकि दोनों मरीज स्वस्थ हैं और घर पर ही हैं।
सीएचसी में रिजर्व किए जाएंगे बेड
सिविल सर्जन कार्यालय फतेहाबाद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को डेंगू को लेकर बेड रिजर्व करने के निर्देश दिए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच-पांच बेड रिजर्व किए जाएंगे।
निजी अस्पताल खुद नहीं करेंगे मरीज को डेंगू घोषित
निजी अस्पताल अपने स्तर पर जांच करवाकर मरीज को डेंगू घोषित नहीं करेंगे। आशंकित मरीज का एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल जिला नागरिक अस्पताल में भेजना होगा।
अब तक डेंगू के ये मरीज मिले
वर्ष डेंगू मरीज मिले
2015 189
2016 38
2017 419
2018 56
2019 29
2020 35
2021 993
2022 154
2023 2
डेंगू के लक्षण
अचानक तेज बुखार होना, अचानक तेज सिर दर्द होना, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना, आंखों के पीछे दर्द होना।
ये रखें सावधानियां
खुद दवा न खाएं, शरीर को ढककर रखें तथा मच्छर रोधी दवा या क्रीम व कीटनाशक दवाई से उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करें एवं पूरी बाजू के वस्त्र पहनें, घरों के आसपास गड्ढों में मिट्टी भरवा दें, कुलर, हौदी या अन्य पानी से भरे हुए बर्तन सप्ताह में एक बार जरूर खाली करें, छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें।
कोट
जिले में डेंगू के दो नए केस मिले हैं। हालांकि दोनों मरीज स्वस्थ है। लोगों से अपील है कि अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी लगातार सर्वे किया जा रहा है और ठहरे पानी में दवाई डलवाई जा रही है। लोगों का सहयोग बहुत जरूरी है।
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ