चोटी कटने की घटनाएं अफवाह, प्रचार करने वालों पर होगी कार्रवाई : आभीर
फ़तेहाबाद।
भट्टू क्षेत्र में चोटी कटने की घटनाओं पर आखिरकार जिला प्रशासन को सफाई देनी पड़ी है। उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने इस मामले में औपचारिक बयान जारी करते हुए इन घटनाओं को अफवाह करार दिया है। डीसी डॉ. आभीर ने ग्रामीणों को ऐसी घटनाओं से बचने को कहा है। शनिवार को जारी बयान में डीसी डॉ. आभीर ने कहा कि ऐसी अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए मौजिज लोग गांव में बैठके आयोजित करें। उपायुक्त ने कहा कि चोटी काटने की अफवाह राजस्थान से शुरू हुई थी। वहां भी ऐसी घटनाओं के कोई वैज्ञानिक व कानूनी प्रमाण नही मिले और यह केवल कोरी अफवाहें ही साबित हुई। इन दिनो फ़तेहाबाद में भी महिलाओं के बाल काटने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं जिनका वास्तविकता से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने क्षेत्र में शांति कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। उपायुक्त ने ऐसी अफवाह फैलाने वाले दोषियों के ख़िलाफ़ भी पुलिस विभाग को कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।