नगर परिषद कार्यालय में गृहकर जमा करवाने के लिए लगी भीड़
फतेहाबाद। नगर परिषद में छुट्टी के दिन भी गृहकर भरने के लिए प्रॉपर्टी मालिकों की लाइनें लगी रही। नगर परिषद में शनिवार को 5.14 लाख रुपये गृहकर जमा हुआ। गृहकर को लेकर नगर परिषद में दो काउंटर बनाए गए हैं। काउंटर नंबर एक पर 1.74 लाख और दूसरे काउंटर पर 3.40 लाख रुपये गृहकर जमा हुआ है।
रविवार और सोमवार को छुट्टी होने के बावजूद गृहकर जमा करवाने के लिए काउंटर खुले रहेंगे। इसको लेकर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश चौधरी ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगा रखी है। लिपिकों की हड़ताल के चलते नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह और ग्रुप डी के कर्मचारी गृहकर काउंटर संभाल रहे है। इसके अलावा बिल ठीक करने के लिए अनुबंध पर लगे कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हुई है।
बिल ठीक करवाने के लिए काट रहे चक्कर
नगर परिषद ने वर्ष 2023-24 के बिलों को लेकर निजी एजेंसी को ठेका दिया था। एजेंसी शहर में 25 हजार बिल बांट चुकी है। नगर परिषद ने बिलों को अपडेट नहीं किया है। पिछले साल भर चुके बिल को दोबारा जोड़कर भेजा गया है। बिलों को ठीक करवाने के लिए लोग चक्कर काट रहे है।
कोट
30 फीसदी छूट को लेकर प्रॉपर्टी मालिक गृहकर जमा करवाने के लिए पहुंच रहे है। 31 जुलाई आखिरी तारीख है। लोग 31 जुलाई से पहले बिल जमा करवाकर छूट का फायदा उठा सकते है।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद