अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
नगर परिषद प्रशासन ने बुधवार को नेशनल हाइवे पर ग्रीन बेल्ट के अंदर अवैध रूप से खोखों के खिलाफ अभियान चलाया और अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत इन खोखों को नेशनल हाइवे से हटवा दिया। नगर परिषद अभियान की अगुवाई जेई सुमित चोपड़ा ने की। इस दौरान उन्होंने बताया कि इन खोखा संचालकों को कई बार कहा गया था कि वे खुद यहां से अपना खोखा हटा लें क्योंकि ये नियमों के विरूद्ध है और अवैध रुप से चल रहे इन ढाबों के खिलाफ कई शिकायतें भी आ चुकी हैं। इसके बाद नगर परिषद ईओ अमन ढांडा के आदेश पर बुधवार को नगर परिषद की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और खोखा संचालक को तुरंत ढाबा हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद ढाबा संचालक ने अपना सामान समेट लिया और नप टीम ने खोखे को ग्रीन बेल्ट से हटवा दिया। जेई चोपड़ा ने चेतावनी देते हुए बताया कि अगर फिर से यहां पर खोखा लगा हुआ मिला तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।