रविवार को सुबह धुंध छाई रही। इसके चलते दृश्यता कम रही। सड़क पर वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। रविवार सुबह फोरलेन और रतिया रोड पर धुंध के कारण हादसे हुए जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया है। मामले के मुताबिक फोरलेन पर दौलतपुर मोड़ पर ट्रैक्टर ट्राली और कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार डबवाली निवासी मनदीप सिंह और उसकी मां घायल हो गई। मनदीप सिंह ने बताया कि वह कार लेकर सिरसा से हिसार की तरफ जा रहा था। अचानक कार के आगे अचानक ट्रैक्टर ट्राली आ गए और हादसा हो गया। वहीं दूसरे मामले में गांव अलीपुर बरोटा के पास ट्रक और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार डबवाली निवासी अखिलेश और रेखा रानी तथा ट्रक चालक रतिया निवासी मांगेराम घायल हो गया।