जाखल। जाखल मंडी के बलरां रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान से रेलवे सुरक्षा बल ने रेल लाइन के 38 टुकड़े बरामद किए हैं। चोरी की गई सरकारी संपत्ति को खरीदने के आरोप में पुलिस ने कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरपीएफ थाना प्रभारी सुशील के नेतृत्व में कई घंटे तक टीम ने कबाड़ी की दुकान पर जांच अभियान चलाया। छापे के दौरान करीब 85 हजार रुपये की कीमत के रेलवे लाइन के 38 टुकड़े व कुछ अन्य सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए कबाड़ी की पहचान जाखल की बाजीगर बस्ती निवासी मल सिंह के रूप में हुई है। रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी सुशील ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर से रेलवे की संपत्ति को चोरी करने वालों के खिलाफ टीम गठित की गई है। इस टीम की सक्रियता के चलते ही यह सामान बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे की संपत्ति को चुराने से लेकर खरीदना भी अपराध है। रेलवे की संपत्ति चुराने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।