फतेहाबाद। शहर के रतिया रोड पर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने कार सवार दो युवकों को 35 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। दोनों युवक पंजाब से हेरोइन लेकर आ रहे थे और शहर में सप्लाई की जानी थी। मामले में शहर पुलिस ने आरोपी नहर कॉलोनी निवासी रूबल और संन्यास आश्रम रोड निवासी भंवर के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक पंजाब से हेरोइन लेकर आ रहे हैं और शहर फतेहाबाद में सप्लाई की जानी है। सूचना के आधार पर टीम ने रतिया रोड पर नाकेबंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी। रतिया रोड की तरफ से आ रही एक कार को रोकने का इशारा किया तो चालक ने मोड़ने का प्रयास किया लेकिन कार नहीं मुड़ पाई। टीम ने गाड़ी सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में युवकों की पहचान नहर कॉलोनी निवासी रूबल और संन्यास आश्रम रोड निवासी भंवर के रूप में हुई। टीम ने जब नियम अनुसार गाड़ी की जांच की तो उसमें से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।