छेड़छाड़ के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी को दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। छेड़छाड़ के आरोपी राजकीय वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय के लैब अटेंडेंट संत कुमार की गिरफ्तारी न होने के चलते शिकायतकर्ता महिला ने अब इस मामले में पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी लैब अटेंडेंट शहर के कई मौजिज लोगों का दबाव भी डलवा रहा है कि वो अपनी शिकायत वापस ले ले। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी संत कुमार ने उसकी बेटी को घर में अकेला देखकर उसके साथ छेड़खानी की थी और इस बारे में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है। उसने बताया कि उसकी बेटी की मैजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के तहत बयान भी दर्ज करवाए जा चुके हैं लेकिन पुलिस इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के लोग उन्हें धमकी भी दे रहे हैं। उन पर दबाव बनाया जा रहा है कि अगर राजीनामा नहीं किया तो वो उन्हें मोहल्ले से निकाल देंगे। शिकायतकर्ता महिला ने कहा कि अगर जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो इस मामले की शिकायत सीएम विंडो व डीजीपी से करेंगे।