डेरामुखी की पेशी को लेकर रतिया में भी पुलिस रही अलर्ट पर
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड मामले में पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा शुक्रवार को रतिया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रतिया शहर में जगह-जगह पुलिस नाके लगाए गए थे। फतेहाबाद रोड पर स्थित नामचर्चा घर के आसपास भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया था व पंजाब बार्डर के साथ लगते इलाकों में भी वाहनों की गहन जांच पड़ताल की गई। वहीं दोपहर को डेरामुखी को मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ शहर में गश्त करते रहे और शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। नाम चर्चा घर की भी दोपहर बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। वहीं दूसरी तरफ पंजाब बार्डर स्थित ब्राह्मणवाला चौकी के नाके पर चौकी इंचार्ज जयबीर सिंह व महमड़ा बार्डर पर चौकी इंचार्ज शीशपाल तथा अन्य बार्डरों पर पुलिस कर्मचारियों ने वाहनों की जांच की।