रिटायर्ड कर्मचारी संघ 18 को नगर परिषद कार्यालय पर करेगा प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों को लेकर 18 दिसंबर को नगर परिषद कार्यालय पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा संघ द्वारा 26 दिसंबर को खजाना अधिकारी कार्यालय पर तथा 2 जनवरी को नहर विभाग फतेहाबाद के कार्यालय पर भी जिला स्तरीय धरना दिया जाएगा। यह जानकारी देते हुए रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव ओमनाथ व ब्लॉक प्रधान बेगराज ने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारी संघ सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत है परंतु सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं कर रही है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन 1 जनवरी 2016 से संशोधित करने बारे आदेश जारी किए जा चुके हैं परंतु पेंशन संशोधन बारे केस विभिन्न कार्यालयों के स्तर पर लंबित पड़े हैं। महालेखाकार द्वारा भी पेंशन संशोधन के केस शीघ्र निपटाने हेतु कार्यवाही नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि बोर्ड, निगमों, कारपोरेशन एवं नगर निगमों के रिटायर्ड कर्मचारियों को सरकारी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तरह पेंशन 1 जनवरी 2016 से संशोधित करने बारे निर्णय नहीं लिया गया है। पंजाब की तरह 65-70-75-80 वर्ष की आयु उपरांत पेंशन बढ़ोतरी बारे सरकार से सहमति के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि लंबित केस निपटाने को लेकर संघ द्वारा इन कार्यालयों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। फिर भी मांगे लागू नहीं की गई और लंबित मामले नहीं निपटाए गए तो संघ द्वारा आंदोलन को ओर तेज किया जाएगा।