फतेहाबाद। शहर में वीरवार को लगातार पांच घंटे तक बारिश हुई। सुबह 6 बजे से लेकर सुबह 11 बजे तक लगातार बारिश होने के कारण शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव हो गया। शहर के मुख्य रास्ते पानी से लबालब नजर आए। शहर के बीचोंबीच स्थित जवाहर चौक पर जलभराव के कारण लोगों व दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पिछले 30 से घंटे में जिले में ओवरऑल 30.85 एमएम बारिश दर्ज की गई, फतेहाबाद शहर में 28 एमएम बारिश हुई है। शहर के कुछ स्कूलाें में बारिश के कारण छुट्टी भी कर दी गई।
शहर में जीटी रोड, जवाहर चौक, धर्मशाला रोड, तुलसीदास चौक, शिव चौक, बीघड़ रोड, भट्टू रोड, रतिया रोड, सिरसा रोड, हिसार रोड, भूना रोड, माजरा रोड जैसे मुख्य रास्तों पर पानी भरने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। जीटी रोड पर जलभराव के बीच जाम जैसी स्थिति बनी रही। शहर के बीघड़ रोड पर जिला लोक निर्माण विभाग की कार्यशाला में भी बारिश का पानी भर गया। शहर के जवाहर चौक व तुलसीदास चौक में बारिश का पानी ज्यादा होने के कारण पानी के बीच में कुछ वाहन भी बंद हो गए। शहर के बीचोंबीच स्थित जवाहर चौक व शहर के तुलसीदास चौक पर दोपहर तीन बजे तक बारिश का पानी भरा रहा। वहीं दोनों जगहों पर चार फुट तक बारिश का पानी भर गया था। दुकानदार विकास कुमार, करण कुमार, प्रमोद कामरा, विनोद कुमार, मोहित आदि ने बताया कि वाहनों के आवागमन की वजह से उनकी दुकानों में बार-बार पानी घुस गया।
गांव बरसीन के सरकारी स्कूल के कमरे में भरा पानी
वहीं, सड़कों के साथ साथ सरकारी स्कूल सरकारी भवनों में भी बारिश का पानी भर गया। जिस कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांव में जैसे जैसे बारिश का पानी स्कूल के प्रांगण में भरना शुरू हुआ तो स्कूल में आये हुए सभी बच्चों को घर भेज दिया गया। वहीं बीघड़ रोड पर लोक निर्माण विभाग की कार्यशाला में भी बारिश का पानी भर गया था।
3 जुलाई सुबह 8 बजे से 4 जुलाई शाम 4 बजे तक हुई बारिश
फतेहाबाद : 28 एमएम
टोहाना : 40 एमएम
रतिया : 45 एमएम
भूना : 22 एमएम
जाखल : 39 एमएम
भट्टू कलां : 18 एमएम
कुलां : 24 एमएम
पानी भरने से रतिया-फतेहाबाद का मुख्य मार्ग से संपर्क कटा
वीरवार सुबह रतिया क्षेत्र में आई तेज बारिश से शहर पूरी तरह जलमग्न हो गया बारिश के चलते जहां फतेहाबाद रोड पर पानी भर जाने के चलते फतेहाबाद का मुख्य मार्ग से संपर्क कट गया तथा वाहन चालकों को अन्य रास्तों से फतेहाबाद जाने को मजबूर होना पड़ा। बारिश के चलते भगत सिंह चौक, टोहाना रोड सहित निचले इलाके की कॉलोनियों में पानी भरने से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। फतेहाबाद रोड पर सरदूलगढ़ चौक के पास भारी जलभराव हो गया, जिस कारण वाहनचालक परेशान हुए।
जाखल में बारिश से गरीब विधवा का आशियाना गिरा
वीरवार सुबह से हो रही बारिश से एक गरीब परिवार के ऊपर दुखों का कहर ढह गया। शहर के वार्ड नंबर 10 निवासी सुनीता रानी का मकान गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, अन्यथा जानी नुकसान हो सकता था। सुनीता रानी के पति का देहांत हो चुका है। घर में वह अपने बच्चों के साथ रहती है। पीड़ित सुनीता रानी मजदूरी का काम कर अपने बच्चों का पालन पोषण करती है। ऐसे में पीड़ित महिला सुनीता रानी ने सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
कोट
- बारिश ज्यादा होने के कारण जलभराव ज्यादा देर तक रहा। बारिश शुरू होते ही पंप चला दिये गये थे। कर्मचारी सुबह से पानी की निकासी के काम कर रहे है।
- सतपाल रोज, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग।