चरखी दादरी। आज अक्षय तृतीया पर जिले में 300 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके मद्देनजर वीरवार को बाजारों में चहल-पहल रही। सुबह-शाम लोगों ने खरीदारी की।
शहर के कारोबारियों की मानें तो सामान्य दिनों के मुकाबले तो वीरवार को कारोबार तेज रहा, लेकिन गत वर्ष की अक्षय तृतीया के मुकाबले इस बार कारोबार आधा ही है। वीरवार और शुक्रवार को जिले में 15 करोड़ से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। वीरवार की बात करें तो कपड़ा, सराफा, इलेक्ट्रोनिक्स, गारमेंट्स व डेकोरेशन मार्केट गुलजार रही। पेश है बाजार के हालात पर एक रिपोर्ट....
1-सराफा मार्केट :
जिले में आभूषणों की करीब 100 दुकानें हैं। अक्षय तृतीया के मद्देनजर सराफा बाजार का कारोबार चार करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले कारोबार मंदा है और इसका कारण सोने-चांदी के भाव ज्यादा रहना है। स्वर्णकारों की मानें तो अक्षय तृतीया पर अबूझ मुहूर्त होने के चलते आठ करोड़ के कारोबार की उम्मीद थी।
कपड़ा मार्केट :
रेडिमेड और गारमेंट्स मार्केट भी वीरवार को गुलजार रही। जिले में करीब 300 से ज्यादा दुकानों पर डेढ़ करोड़ से अधिक की बिक्री हुई। गारमेंट्स मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि लोग शादियों के दादरी के बजाय बड़े शहरों से खरीदारी करने को तवज्जो दे रहे हैं और इसके चलते इस बार अक्षय तृतीया पर उम्मीद से काफी कम कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट :
जिले की इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में छोटी-बड़ी 30 दुकानें हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट का कारोबार ठीक रहा। अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त पर करीब दो करोड़ का कारोबार मार्केट ने किया। व्यापारियों की मानें तो पिछले बार पांच करोड़ का कारोबार हुआ था। इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में सुबह और शाम के समय लोगों की ज्यादा चहल-पहल रही।
डेकोरेशन मार्केट :
डेकोरेशन मार्केट में दूल्हे की गाड़ियों और विवाह स्थल की सजावट के लिए करीब 300 अग्रिम बुकिंग हुईं। गाड़ियों की सजावट का रेट 3000 से 21000 तक रहा। ज्यादा डिमांड गुलाब के फूलों से गाड़ी सजाने की है। डेकोरेशन मार्केट का कारोबार करीब 70 लाख का आंकड़ा छू गया। शुक्रवार को भी फ्लॉवर डेकेोरेशन मार्केट गुलजार रहने की उम्मीद है।
व्यापारी बोले : वर्ष 2023 के मुकाबले मंदा रहा इस बार कारोबार
- पिछले साल सराफा बाजार में कारोबार ठीक था, जबकि इस बार मंदी आई है। कारोबार कम होने का मुख्य कारण सोना-चांदी के बढ़े भाव है। -शंकर गोयल, स्वर्णकार
वीरवार को सामान्य दिनों के मुकाबले तो कारोबार ठीक रहा, लेकिन पिछले साल की तुलना में मंदा रहा। लोग अब बड़े शहरों में जाकर खरीदारी कर रहे हैं। - सुभाष डावरा, कपड़ा व्यापारी
गुलाब के फूलों की मांग ज्यादा है। फ्लॉवर डेकोरेशन मार्केट में विवाह संबंधी करीब 300 अग्रिम बुकिंग हुई है। वर्ष 2023 के मुकाबले कारोबार इस बार मंदा है। - अनिल मुंजाल, व्यापारी
इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट का कारोबार पिछले साल के मुकाबले इस बार कम रहा। अक्षय तृतीया से व्यापारियों को करीब पांच करोड़ के कारोबार की आस थी। - श्याम कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी