फतेहाबाद। चोरी व स्नेचिंग की बढ़ती हुई वारदातों को रोकने के लिए जिले के थाना व चौकियों को 25 नई मोटरसाइकिल मिली हैं। पुलिस विभाग ने शहर थाना फतेहाबाद को सबसे ज्यादा छह मोटरसाइकिल अलॉट किए हैं। चार चौकियों को भी एक-एक मोटरसाइकिल मिला है। राइडरों को शहर व गांवों में मोटरसाइकिल पर गश्त करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने पुलिस लाइन से मोटरसाइकिल राइडरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद ये मोटरसाइकिल राइडर फतेहाबाद शहर से निकलते हुए अपने थाना व चौकियों की तरफ रवाना हुए। इन नई सफेद मोटरसाइकिलों की खासियत यह है कि ये वजन में हल्की हैं और इसकी मरम्मत का खर्च भी कम रहेगा। इसके अलावा पेट्रोल की खपत भी कम होगी।
एसपी बोलीं- जिले में पुलिसकर्मी प्रभावी ढंग से कर पाएंगे गश्त
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने कहा है कि इतनी संख्या में मोटरसाइकिल मिलने से जिले में पुलिस कर्मचारी प्रभावी ढंग से पेट्रोलिंग और गश्त कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद जिला पंजाब और राजस्थान सीमा से सटा हुआ है। ऐसे में यहां आपराधिक घटनाएं बढऩे की आशंका रहती है। ऐसे में जिला पुलिस को मिले यह राइडर काफी लाभदायक साबित होंगे। एसपी ने कहा कि जिले के फतेहाबाद, रतिया, भट्टू, भूना, जाखल, टोहाना आदि शहरों में काफी गलियां ऐसी हैं जहां पर पुलिस की बड़ी गाड़ियां नहीं जा सकती, ऐसे में इन दोपहिया वाहनों से वहां आसानी से पहुंचा जा सकेगा। मोटरसाइकिल राइडर हर तंग गलियों में भी पहुंच कर अपराध को रोकने का काम करेंगे। यह बाइक राइडर्स संवेदनशील क्षेत्र बैंक स्कूल-कॉलेज बाजारों आदि जगहों पर गश्त कर अपराध को रोकने के अलावा ट्रैफिक को नियंत्रण करने का भी कार्य भी करेंगे।
तीन शिफ्टों में गश्त करेंगे राइडर
मोटरसाइकिल राइडर सभी सुविधाओं से लैस है। यह राइडर सुबह, शाम और रात को अलग-अलग शिफ्टों पर गश्त पर रहेंगे। इन्हें जिले के अलग-अलग थानों में तैनात किया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने समय सारणी भी तैयार की है। यह राइडर किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
इन थाना व चौकियों को मिले ये मोटरसाइकिल
थाना व चौकी मोटरसाइकिल अलॉट
शहर थाना फतेहाबाद 6
शहर थाना टोहाना 4
शहर थाना रतिया 3
भट्टूकलां 2
भूना 2
जाखल 2
सदर रतिया 2
बड़ोपल पुलिस चौकी 1
हांसपुर 1
दरियापुर 1
कुलां 1