अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भिवानी बोर्ड की सोमवार को हुई बारहवीं की गणित की परीक्षा में दो नकल के केस पकड़े गए हैं। इसमें एक परीक्षार्थी किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा हुआ था। एसडीएम फ्लाइंग ने दोनों मामले फतेहाबाद के सीनियर माडल स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर पकड़े। जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग ने बताया कि सीनियर मॉडल स्कूल में एक परीक्षार्थी के पास नकल पर्चियां पकड़ी गई। परीक्षार्थी ने अपनी जुराबों में करीब 10 पर्चियां छिपा रखी थी। इसी केंद्र में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया लेकिन वह मौके पर शीट छोड़कर फरार हो गया। दोनों के खिलाफ केस बनाकर बोर्ड को रिपोर्ट भेजी गई है। परीक्षा के दौरान उपायुक्त, एसडीएम, डीइओ, जिला प्रश्न पत्र, बीइओ, चेयरमैन तथा सचिव स्पेशल फ्लाइंग ने भी निरीक्षण किया। अब तक सबसे ज्यादा फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं जो दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे।