अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। बुधवार रात आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग के खिलाफ घुस लेने के मामले में हुई सीबीआई कार्रवाई के मुख्य गवाह राजीव जिंदल उर्फ बाबी का शुक्रवार रात निधन हो गया। जिंदल का हार्ट फेल होने के चलते निधन हुआ। जिस रात राजीव जिंदल का निधन हुआ, उसी देर रात वह आयकर अधिकारी मामले के मुख्य शिकायतकर्ता जसपाल सिंह पाली के साथ चंडीगढ़ में सीबीआई मुख्यालय से लौटा था। जसपाल सिंह पाली ने बताया कि शुक्रवार देर रात तकरीबन दो बजे ही उन्होंने राजीव को रतिया में उनके डेजी कालोनी स्थित निवास पर छोड़ा था। इसके बाद सुबह जब परिजनों ने उन्हें संभाला तो वे बेसुध मिले और चिकित्सकों को बुलाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राजीव जिंदल के शव का शनिवार दोपहर को रतिया में अंतिम संस्कार कर दिया गया। आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग के मामले में मुख्य गवाह की मौत होने के बाद अब इस मामले में कार्रवाई किस रुख करवट लेगी, इसके बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। सीबीआई अधिकारियों के समक्ष शुक्रवार को उसने बयान दर्ज करवाए या नहीं, इसके बारे में भी सीबीआई के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।