अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को हेरोइन और चरस के साथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल स्टाफ पुलिस ने गांव हिजरावांखुर्द के पास नाका लगाकर बाइक सवार एक युवक को 15 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार, फतेहाबाद स्पेशल स्टाफ पुलिस की टीम गांव हिजरावांखुर्द के पास नाका लगाकर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक युवक उस ओर आया। पुलिस को देखते ही वह बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन उसका बाइक बंद हो गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़कर तलाशी ली तो उससे 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं दूसरी ओर शहर फतेहाबाद पुलिस ने वाल्मीकि चौक से दिनेश निवासी इंद्रपुरा मोहल्ला फतेहाबाद को साढ़े 3 किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू किया है। पुलिस के अनुसार, दिनेश बाइक पर वाल्मीकि चौक पर चूरापोस्त लेकर आया हुआ था। पुलिस ने इसी दौरान उसे काबू करके उससे चूरापोस्त बरामद किया। पुलिस ने दिनेश के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।